शेरगढ़। क्षेत्र के गांव केसरपुर में बृहस्पतिवार को विद्युत बोर्ड में इन्वर्टर का तार लगा रहे ग्रामीण खेमपाल की करंट लगने से मौत हो गई। खेम पाल एक प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से बिजली निगम में कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी 34 वर्षीय खेमपाल प्रजापति शेरगढ़ विद्युत सब स्टेशन पर एक एजेंसी के माध्यम से मीटर रीडर का कार्य करते थे। वह रात में अपने घर पर इन्वर्टर के तार को विद्युत बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान किसी तरह उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से उनकी पत्नी मीना देवी का रो-रो कर हाल-बेहाल है। खेमपाल के दो पुत्र हैं। चार वर्षीय रुद्र व डेढ़ वर्षीय दश।
परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए मृतक के शव का दाह संस्कार कर दिया। अब परिवार के सामने भरण-पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है। मामले में जेई संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि खेमपाल एक प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से हमारे विभाग में मीटर रीडर का कार्य करता था।