भमोरा। चक्की पर आटा लेकर घर लौट रहे बाइक सवार को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मची रही।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी 18 वर्षीय सर्जून पुत्र अजय पाल रविवार शाम भमोरा आंवला रोड पर बनी आटा चक्की मिल पर गेहूं के बदले आटा लेने आए थे। वापस खेड़ा जाते समय जैसे ही चक्की से निकले। वैसे ही तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। सर्जून का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया और कुचलकर उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि सर्जून कक्षा 11वीं का छात्र था। इस दौरान मां लक्ष्मी व तीनों बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। बहनें इकलौते भाई को देख बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। संवाद