एनसीसी में खुशी का पैराग्लाइडिंग कैंप में चयन, रुविवि की छात्रा सुनैना ने राष्ट्रीय युवा काव्य प्रतियोगिता की रहीं विजेता
बरेली। युवाओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करके इस वर्ष शहर का नाम रोशन किया। किसी को राष्ट्रीय तो किसी को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। जिसके तहत काव्य, एनसीसी, वक्तव्य, समाज सेवा आदि क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार जीता। आगामी वर्ष में नए संकल्प के साथ नए वर्ष का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। जिनमें नए पुरस्कार अपने नाम कर सकें। युवाओं का कहना है कि हर वर्ष कुछ सीख देकर जाता है और नया वर्ष नई उम्मीद लेकर आएगा, जिसमें नए अवसरों को भुनाने के लिए प्रयासरत हैं।
तीन जंप करने का मौका मिला
मिनी बाइपास की रहने वाली व साहूराम स्वरूप महिला महाविद्यालय की छात्रा खुशी गुप्ता को इस वर्ष सीएम अवार्ड से सम्मानित किया गया। वह पूरे प्रदेश में चयनित होने वाले इकलौती एनसीसी कैडेट रहीं, जिनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर पैराग्लाइडिंग कैंप के लिए हुआ। जहां तीस लड़के व तीस लड़कियों का 12 दिन की ट्रेनिंग के बाद तीन जंप करने का मौका मिला।
कविता लेखन के लिए पुरस्कृत किया गया
नवाबगंज की रहने वाली सुनैना रुहेलखंड विश्वविद्यालय की छात्रा हैं। सुनैना को इस वर्ष राष्ट्रीय युवा उत्सव कविता लेखन में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके तहत उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया। सुनैना ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर से पहले उन्हें राज्य स्तर पर आधुनिक भारत और राष्ट्रीय स्तर पर विकसित भारत पर कविता लेखन के लिए पुरस्कृत किया गया।
धीरेंद्र और मोहित ने प्राप्त किया सम्मान
नवाबगंज के रहने वाले धीरेंद्र ने इस वर्ष विकसित भारत युवा संसद 2025 में नई दिल्ली में सर्वश्रेष्ठ वक्ता का सम्मान प्राप्त किया। धीरेंद्र ने अंतिम दौर में 105 प्रतिभागियों को हराकर ये उपलब्धि हासिल की है। वहीं प्रदेश स्तर पर उत्तर प्रदेश युवा छात्र संसद 2025 के भी विजेता रहे।रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पीएचडी छात्र मोहित शर्मा को इस वर्ष दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस बार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से मोहित को राष्ट्रीय युवा पुरस्कार दिया गया। इससे पहले उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के लिए दिया गया। जबकि राज्य स्तर पर विवेकानंद यूथ अवाॅर्ड मिल चुका है। संवाद