लखीमपुर खीरी जिले में हुए एक अमानवीय घटनाक्रम में घरेलू विवाद में भाइयों ने बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर पुलिस भी पहुंची। उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पलियाकलां थाना क्षेत्र के ग्राम पतवारा बड़ा गांव निवासी महावीर के मिहीलाल, सेवकराम व तिलकराम तीन पुत्र हैं। तीनों आमने-सामने ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। मिहीलाल ने पलिया में एक घरेलू प्लॉट का सौदा किया था, उसमें कुछ पैसे कम पड़े तो उसने पिता से मांग की। जिसपर पिता ने उसकी जमीन के हिस्से पर केसीसी कार्ड बनवाकर पैसा देने को कहा। यह बात सेवकराम व तिलकराम को मंजूर नहीं था।
इसी बात को लेकर आएदिन तीनों भाईयों में विवाद होता रहता था। शनिवार की सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद हो गया तो मिहीलाल कई जगह गया और
पंचायत के जरिए मामला सुलझवाने की बात कही। इसके बाद जब वह घर पहुंचा तो उसके दोनों भाईयों ने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर घर से बाहर खींच उस पर हमला कर दिया।
सभी ने मिलकर मिहीलाल की जमकर पिटाई कर दी। बचाने आई उसकी पत्नी अनीता को भी मारा पीटा जबकि उसके पुत्र को भी चोटें आई हैं। दोनों छोटे भाई अपनी पत्नियों के संग मिहीलाल को पीटते रहे जिसके कारण मिहीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद
आसपास ग्रामीणों की भीड़ का तांता मृतक के घर लग गया।
सूचना पुलिस को दी गई तो सीओ प्रदीप कुमार यादव, प्रभारी इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह, पलिया चौकी इंचार्ज कल्लू सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाया है।