बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके में पांच रुपये की बर्फ को लेकर हुए विवाद में बर्फ विक्रेता ने सूजा घोंपकर युवक की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सूजा भी बरामद हो गया है।
फतेहगंज पश्चिमी कस्बा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा का रहने वाला शेर सिंह फेरी लगाकर बर्फ बेचता है। बुधवार को वह पड़ोसी गांव माधौपुर में बर्फ बेचने गया था। शाम पांच बजे माधौपुर के संजू कश्यप (30) पांच रुपये का बर्फ खरीदने पहुंचा था। शेर सिंह ने पांच रुपये का बर्फ देने से मना कर दिया।
इसको लेकर दोनों में कहासुनी और फिर मारपीट हो गई। शेर सिंह ने बर्फ तोड़ने वाले सूजे से संजू पर हमला कर दिया। उनके पेट और सीने पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल संजू को परिजन अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।