बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र में होली के दिन युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के गांव इटौआ सुखदेवपुर निवासी 35 वर्षीय युवक सूरजपाल की होली के दिन हत्या कर दी गई। सूरजपाल के बड़े भाई ने बताया कि सोमवार को होली खेलते समय पड़ोस के रहने वाले लखपत सिंह से सूरजपाल का झगड़ा हो गया। नाली के विवाद की पुरानी रंजिश को लेकर यह विवाद बढ़ा। अपने साथी धर्मेंद्र और दिनेश व अन्य साथियों की मदद से लखपत ने सूरजपाल पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
इन लोगों ने ईंट पत्थर और लोहे की रॉड हमला कर दिया। इससे सूरजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार ने इसकी जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरजपाल के परिवार के लोगों ने तहरीर देकर हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।