भोजीपुरा। नैनीताल हाईवे पर मेडिकल काॅलेज के पास बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार मेडिकल कालेज के वार्ड ब्वाय को रौंदने के बाद एक पैदल युवक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि पैदल जा रहा यात्री गंभीर घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह ने बताया कि ट्रक और बाइक को कब्जे मे लिया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुझिया शुमाली निवासी 25 वर्षीय शिशुपाल मेडिकल काॅलेज में वार्ड ब्वाय के पद पर तैनात हैं। शिशुपाल रात्रि ड्यूटी करने के लिए घर से बाइक से मेडिकल काॅलेज जा रहा था। रात आठ बजे मेडिकल काॅलेज के सौ मीटर पहले ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू ट्रक ने उसे रौंद दिया। शिशुपाल की बाइक ट्रक में फंस गई। ट्रक चालक बाइक को घिसटते हुए करीब सौ मीटर तक ले गया। इसी दौरान सड़क पार कर रहे भोजीपुरा के गांव रम्पुरा माफी निवासी 32 वर्षीय चुन्ने पुत्र सलीम चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चुन्ने को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया है। गंभीर घायल चुन्ने के परिजनों ने मेडिकल काॅलेज के महंगे इलाज से बचने के लिए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर करवाकर ले गए।
एक वर्ष पहले हुई थी शिशुपाल की शादी
सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वार्ड ब्वाय शिशुपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिशुपाल की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। संवाद