विश्वविद्यालय ने जारी किया स्नातक प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल
बरेली। यूपी बोर्ड, सीबीएसई समेत अन्य बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय ने स्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया का शेड्यूल शनिवार देर शाम जारी कर दिया है। सभी महाविद्यालयों को प्रवेश प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न करने के निर्देश दिए गए है। विद्यार्थी प्रवेश के लिए 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर विश्वविद्यालय पोर्टल पर 31 अगस्त तक प्रत्येक विद्यार्थी का सौ रुपये शुल्क जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के साथ ही छात्रों का पंजीकरण भी कराना होगा। चार सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ आठ सितंबर तक पोर्टल पर छात्र पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बावजूद यदि कोई छात्र प्रवेश प्रक्रिया से वंचित रह जाता है तो वह 14 सितंबर तक छह सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण करा सकेगा। सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि पंजीकरण कराने वाले छात्रों की जानकारी पोर्टल पर रोजाना अपलोड करें। परास्नातक के लिए अलग से कुछ ही दिनों में कार्यक्रम घोषित होगा। प्रवेश प्रक्रिया की गाइड लाइन विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।