बरेली। बरेली कॉलेज का महिला छात्रावास करीब 10 साल बाद फिर से खुल गया है। अब तक कुल छह छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। तीन छात्राओं ने यहां रहना शुरू कर दिया है।
10 वर्ष पूर्व नैक परीक्षण के बाद छात्रावास बंद हो गया था। लंबे समय तक ताला बंद रहने के चलते भवन जर्जर हो गया। अब फिर से यह गुलजार हो गया है। कॉलेज प्रशासन ने शुरुआती तौर पर कुछ कमरे खोले हैं। एक कमरे में दो छात्राओं को ठहराया गया है। छात्राओं की सुरक्षा के लिए एक महिला गार्ड को भी तैनात किया गया है।
छात्राओं की संख्या कम होने के कारण फिलहाल भोजन की व्यवस्था टिफिन के जरिये कराई जा रही है। छात्राओं ने सुरक्षा और सुविधाओं को संतोषजनक बताया है।रात में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छात्रावास को अंदर से बंद कर दिया जाता है। पंजीकरण कराने वाली अन्य छात्राओं के भी जल्द आने की उम्मीद है।
प्रो. बीनम बनीं वार्डन बरेली कॉलेज के महिला छात्रावास की वार्डन पहले उर्दू विभाग की प्रो. शैव्या त्रिपाठी थीं। अब छात्रावास की कमान जूलॉजी विभाग की प्रो. बीनम सक्सेना को दी गई है। प्रो. बीनम ने बताया कि फिलहाल वह एनसीसी के एक कैंप के लिए दिल्ली गई हुई हैं। जल्द कॉलेज लौटकर व्यवस्थाएं देखेंगीं।
बोली छात्राएं
मैं कलकत्ता से यहां बीएससी बायोटेक की पढ़ाई करने आई हूं। यहां आकर अच्छा लग रहा है। अब तक छात्रावास में और छात्राएं नहीं थीं, इसलिए रिश्तेदार के यहां रह रही थी। - अनन्या
मैं जौनपुर से आई हूं। यहां बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है। छात्रावास में अब भी कम छात्राएं हैं। अन्य छात्राओं के आने के बाद चहल-पहल बढ़ेगी। - संध्या पटेल