बरेली। तेज बारिश के चलते सीबीगंज-बरेली के बीच रेलवे ट्रैक किनारे खड़ा पेड़ झुक गया। पेड़ की शाखाएं डाउन लाइन पर खड़ी 14674 शहीद एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गईं। इससे ट्रेन को मौके पर रोकना पड़ा। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे कर्मचारियों ने टहनियां काटकर ट्रैक साफ कराया, लेकिन इंजन में प्रेशर नहीं बनने से ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। यात्रियों को काफी देर तक ट्रेन में ही इंतजार करना पड़ा।
सीएमआई इमरान चिश्ती ने बताया कि सोमवार सुबह 5:20 बजे ट्रेन के लोको पायलट ने पेड़ गिरने की सूचना दी तो बरेली जंक्शन से आरपीएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहां रेलवे के इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग के अधिकारी मौजूद मिले। जांच में पता चला कि बारिश के कारण पेड़ की टहनियां झुककर डाउन लाइन पर आ गई थीं।
इंजन से पत्तियां और टहनियां टकराने के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी थी। इंजीनियरिंग विभाग ने पेड़ की टहनियों को काटकर सुबह 6:10 बजे ट्रैक साफ करा दिया गया। इसके बाद इंजन में पर्याप्त प्रेशर नहीं बन सका। इसके चलते ट्रेन सुबह 5:15 से 6:55 बजे तक खड़ी रही। हादसे की वजह से डाउन लाइन पर आने वाली काठगोदाम, जनता, लखनऊ, बेगमपुरा व पंजाब मेल सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।