बरेली। महिला अस्पताल में अग्नि सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम नहीं। अस्पताल के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी तक नहीं है। वहां लगे ज्यादातर उपकरण क्रियाशील नहीं हैं। हौज रील में पानी तक नहीं आता। कई ऐसी जगह इलेक्टि्रक पैनल बना दिए गए हैं, जहां आग लगने की आशंका ज्यादा रहती है। रविवार को अग्निशमन विभाग की पड़ताल में यह हकीकत सामने आई। ऐसे में यहां आग लगी तो मरीजों की जान बचाना मुश्किल होगा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने रविवार दोपहर जिला महिला अस्पताल में सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि भूतल पर लगे इलेक्टि्रक पैनल में फायर डिटेक्शन सिस्टम नहीं लगा है। इसमें एक ही प्रवेश द्वार है, जबकि एक निकास द्वार भी होना चाहिए। इलेक्टि्रक पैनल रूम में केवल एक सीओटू और एक एबीसी टाइप फायर एक्सटिंग्यूशर लगा है। दो एक्सटिंग्यूशर खराब मिले।
बंद मिला पंप, ऑपरेटर की तैनाती भी नहीं
एएनसी वार्ड में इलेक्टि्रक पैनल अंदर लगा है। इसे बाहर की ओर लगवाना चाहिए था। प्रथम तल पर एसएनसीयू वार्ड के अंदर इन्वर्टर-बैटरी रखी थी, जबकि उसको बाहर रखवाया जाना चाहिए। यहां सीओटू और एबीसी टाइप फायर एक्सटिंग्यूशर क्षमता (4.5 किलोग्राम) के अनुरूप नहीं पाए गए। द्वितीय तल पर महिला वार्ड का निकास द्वार बंद मिला, जबकि वह हर समय खुला रहना चाहिए। पंप हाउस में लगे इलेक्टि्रक पंप, डीजल पंप और जॉकी पंप तक बंद पाए गए। वहां पंप ऑपरेटर तक तैनात नहीं किया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। उनके निर्देश पर ही कार्रवाई होगी।
-
जांच में जो कमियां मिली हैं, उन्हें दूर कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। मानक पूरे होने पर ही एनओसी मिलेगी। जो निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार कार्य किया जाएगा। - डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, महिला अस्पताल
सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी आदि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने के निर्देश चिकित्साधिकारियों, चिकित्सा अधीक्षकों को दिए हैं। साथ ही, निजी अस्पतालों को भी मानक पूरे करने के लिए हिदायत दी है। - डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ
अग्नि सुरक्षा के मानक पूरे न करने वाले अस्पतालों की सीएफओ से प्राप्त सूची सीएमओ को भेज दी गई है। सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में मानक पूरे कराने के संबंध में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। - रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी
संवाद