अपराजिता अभियान की सराहना करती अभिनेत्री पारुल चौहान
- फोटो : अमर उजाला
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘विदाई’ टीवी सीरियल की अभिनेत्री पारुल चौहान ने विश्वास जताया है कि अमर उजाला की अनूठी पहल अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान से बेटियों और महिलाओं को सम्मान मिलेगा। यह मुहिम महिला सशक्तीकरण के लिए नींव का पत्थर साबित होगी। लखीमपुर खीरी के एमवी होटल में उन्होंने अभियान के पोस्टर को अभिनेता और पति चिराग ठक्कर के साथ जारी किया।
टीवी सीरियल की सुपर स्टार पारुल 12 दिसंबर को मुंबई में अभिनेता चिराग ठक्कर से शादी के बाद रिसेप्शन के लिए अपने शहर लखीमपुर खीरी आईं। इस दौरान उन्हें अपराजिता अभियान की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सराहना की। रविवार की शाम को पारुल चौहान का रिसेप्शन धूमधाम से हुआ। समारोह में शामिल हस्तियों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
अभिनेत्री पारुल लखीमपुर शहर में ही पली बढ़ीं। टीवी सीरियल में काम करने का मौका मिलने के बाद वह मुंबई चली गईं, जबकि पारुल का परिवार शहर के मोहल्ला हाथीपुर स्थित मथुरा प्रसाद कॉलोनी में रहता है। उनके पिता जिले की तहसील धौरहरा में लेखपाल पद पर तैनात हैं। मां गृहिणी हैं, जबकि भाई माधुवेंद्र सिंह चौहान अपना कारोबार करते हैं।