बरेली। स्कूली बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए महिला कल्याण और पुलिस विभाग मिलकर 31 जुलाई तक अभियान ‘कवच’ चलाएंगे। इसके तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज शेरगढ़ में बालिकाओं को अपनी सुरक्षा कैसे करनी चाहिए, इस बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में दोनों ही विभागों की टीम ने वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 100 के बारे में जानकारी देने के साथ महिला सशक्तीकरण के संबंध में चर्चा की। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी दीं। साथ यह भी बताया कि छेड़छाड़ की घटनाओं का किस तरह साहस के साथ मुकाबला किया जा सकता है। कहा गया कि पुलिस हेल्पलाइन के नंबर अपने पास रखें। गुड टच-बैड टच, साइबर क्राइम के बारे में भी बताया गया। महिला कल्याण विभाग की टीम ने छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, आशा ज्योति केंद्र आदि की जानकारी दी। इस मौके पर बालिका शिक्षा और सुरक्षा जागरूकता के लिए अध्यापकों और छात्राओं ने रैली भी निकाली। इस मौके पर शैलेंद्र तिवारी, प्रतिभा पांडेय, निशा शर्मा, संध्या जायसवाल, विकास कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने बताया कि यह अभियान दूसरी जगहों पर भी चलेगा।