फतेहगंज पूर्वी। कस्बे से दातागंज मार्ग पर स्थित बिलपुर रेलवे क्राॅसिंग पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक महिला अपने पति के साथ एक रिश्तेदारी में जा रही थी। क्राॅसिंग बंद होने पर पैदल निकल रहीं थीं। तभी शाहजहांपुर की ओर से बरेली की ओर आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी प्राप्त होने पर बिलपुर चौकी से आरपीएफ पुलिस और थाना पुलिस भी पहुंची। घटनास्थल जीआरपी बरेली में होने के कारण आरपीएफ ने जीआरपी बरेली को सूचना देकर शव को रेलवे ट्रैक से हटा दिया। महिला की पहचान 50 वर्षीय सोमवती निवासी गांव मोहनपुर थाना कैंट के रूप में हुई है।
महिला के पति पुत्तूलाल भी साथ ही थे, जो कि पैरालाइसिस की बीमारी से पीड़ित हैं। पत्नी की मौत के बाद वह बदहवास हो गए। वे दोनों एक रिश्तेदारी में महमुदापुर जा रहे थे। तभी लाइन पर करते समय हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला के पति ने महिला को खींचकर बचाने की कोशिश की थी, लेकिन नहीं बचा पाए। संवाद