बरेली। शादी में शामिल होने पति मुकुल मौर्य के साथ बाइक पर भमोरा के गांव बल्लिया जा रहीं सुमन मौर्य (24) की सड़क हादसे में मौत हो गई और उनके पति घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है।
किला के मोहल्ला स्वालेनगर में रहने वाली सुमन मौर्य की भांजी की शनिवार शाम को थाना भमोरा के देवचरा में शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वह पति मुकुल मौर्य के साथ बाइक पर बल्लिया गांव जा रही थीं। बदायूं रोड पर 84 घंटा मंदिर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसा देखकर आसपास के लोगों ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने सुमन और मुकुल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। मुकुल का अभी इलाज चल रहा है। ट्रक और चालक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
साल भर पहले ही हुई थी शादी
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सुमन के भाई राजवीर ने बताया कि पिछले साल 25 नवंबर उनकी बहन की मुकुल से शादी हुई थी। पांच भाई-बहनों में वह सबसे छोटी थी।