फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बिना खता...ममता ने कर दिया जुदा

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। ''''मां... मेरी क्या खता थी जो मुझे जुदा कर दिया। मैंने तो अभी जन्म ही लिया था। दुनिया तो दूर, तुम्हें भी ठीक से पहचान नहीं पाया था। सोचा था कि अपनी बाल क्रीड़ाओं से तुम्हें रिझाऊंगा। बड़ा होकर दुनिया की हर खुशी तुम्हारे कदमों में रख दूंगा, पर तुमने यह अवसर ही नहीं दिया। इस बेरहम दुनिया में मुझे लावारिस छोड़ दिया।'''' यह पुकार जिले में लावारिस पाए गए उन मासूमों की है, जिनके माता-पिता उन्हें छोड़ गए।
विज्ञापन

एक वर्ष में जिले में पांच नवजात लावारिस पाए गए। इनमें से एक की मृत्यु हो गई और एक अन्य को गोद ले लिया गया। बाकी तीन बच्चों का पालन सरकारी संस्थाओं में हो रहा है। चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर सोनू ने बताया कि इन बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाता है। दो-तीन माह तक जब उनके अभिभावकों का पता नहीं चलता तो उन्हें दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंप दिया जाता है।

यह जटिल मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्याबरेली कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की डॉ. हेमा खन्ना ने बताया कि नवजात को लावारिस छोड़ना एक जटिल मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है। इसके पीछे अत्यधिक मानसिक तनाव, लाचारी, सामाजिक बदनामी का डर, अनचाहा गर्भ, आर्थिक परेशानी, पारिवारिक दबाव या प्रसव के बाद होने वाली समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में व्यक्ति कभी-कभी वास्तविकता को स्वीकार नहीं कर पाता। वह भावनात्मक रूप से इतना सुन्न हो जाता है कि उसे अपने कार्य के परिणामों का भी एहसास नहीं रहता। ऐसे बच्चों के प्रति संवेदना रखते हुए हमें उनकी सुरक्षा और जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
विज्ञापन

एक वर्ष में सामने आए मामले

21 दिसंबर 2025 : बीसलपुर चौराहे पर पीपल के पेड़ के नीचे थैले में दो दिन की बच्ची मिली थी। बाल कल्याण समिति ने उसका नाम उन्नति रखा। काफी प्रयास के बावजूद उसके माता-पिता का पता नहीं चला तो समिति ने उसे दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंप दिया। दो माह पहले एक परिवार ने बच्ची को गोद ले लिया।

एक दिसंबर 2025 : भोजीपुरा क्षेत्र में गन्ने के खेत में कपड़े में लिपटा नवजात मिला। एक परिवार ने उसे अपने पास रख लिया, पर बाद में पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। जिला अस्पताल कुछ दिन उसका इलाज चला। बाल कल्याण समिति ने उसका नाम उदय रखा और दत्तक ग्रहण एजेंसी के हवाले कर दिया। माहभर बाद उसकी मृत्यु हो गई।

20 सितंबर 2026 : भुता क्षेत्र के गांव मुड़िया जगरूप में सूखी नहर में दो दिन का नवजात मिला था। यहां भी अभिभावकों का पता नहीं चल सका। बाल कल्याण समिति ने बच्चे का नाम विहान रखा। अब उसको राजकीय विशेषीकृत दत्तक ग्रहण इकाई को सौंप दिया गया है।

12 अक्तूबर 2026 : भुता क्षेत्र के ही गांव डंडिया नवाजिश अली में गन्ने के खेत में नवजात मिला था। उसे निमोनिया हो गया था। जिला अस्पताल में कुछ दिन भर्ती रहने के बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। उसका नाम सिद्धार्थ रखा गया। वर्तमान में वह राजकीय विशेषीकृत दत्तक ग्रहण इकाई में है।

4 जुलाई 2026 : सेटेलाइट तिराहे पर फल के ठेले के नीचे शिशु मिला था। किसी ने उसकी रील बनाकर वायरल कर दी। उसे देखकर माता-पिता को अपनी भूल का अहसास हुआ और दो दिन बाद वे बच्चे को लेने पहुंच गए। मां ने माना कि बच्चे को गंभीर बीमारी थी। लगा कि उसकी मृत्यु हो गई है तो ठेले में छोड़ आई। बाल कल्याण समिति ने बच्चे का नाम धैर्य रखा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें