बरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण एजेंसियों की सुस्ती से लाभार्थियों को परेशानी हो रही है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) अब दो बिल्डरों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। कुल 2598 आवासों में से अब तक केवल 249 का ही आवंटन हो पाया है।
बीडीए की निगरानी में तीन निजी एजेंसियों और प्राधिकरण को कुल 2598 आवास बनाने थे। इनमें से 1754 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्ष 2018 में शुरू हुई इन परियोजनाओं को 24 माह में पूरा करना था। बीडीए ने व्योमखंड में अपने 254 आवास बनाए हैं, जिनमें से 249 आवंटित हो चुके हैं। हालांकि, करोड़ों रुपये का सरकारी अनुदान मिलने के बावजूद कई लाभार्थियों को कब्जा नहीं मिला है। इससे आवंटन प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। मेगा इंफ्रा ड्रीम को कुआंडांडा के पुरनापुर में 1500 आवास बनाने थे, जो तैयार हैं पर कब्जा नहीं मिला। धनराज बिल्डर्स और मोहन बिल्डर्स की परियोजनाओं में करीब 65 फीसदी काम ही पूरा हुआ है।
बीडीए ने निर्माण एजेंसियों को अब तक पांच बार नोटिस जारी किए हैं। बैठकों में भी काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण की गति में सुधार नहीं हुआ। अब दो अधूरी परियोजनाओं के बिल्डरों को फिर से नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्हें काम में तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे।
..........................
फ्लैटों के आवंटन के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। एक बिल्डर ने निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि दो की परियोजनाओं का काम बाकी है। निर्माण में देरी पर संबंधित बिल्डरों को नोटिस जारी किए जाएंगे, ताकि काम जल्द पूरा कराया जा सके। -सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए