वाइल्ड लाइफ इंडिया की सूचना पर वन विभाग ने श्यामगंज की दुकान पर मारा छापा
विज्ञापन
व्यापारी और उसके दो सहयोगियों पर वन्य जीव अधिनियम के तहत केस, दुकान सील
बरेली। वन विभाग की टीम ने श्यामगंज में रामा पंसारी की दुकान पर सोमवार शाम को छापा मारकर प्रतिबंधित वन्य जीवों के अंग और जड़ी बूटियां बरामद की हैं। डीएफओ भरतलाल ने व्यापारी और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही दुकान भी सील कर दी है। वन विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी रही। डीएफओ कार्यालय के बाहर भी रात में तमाम व्यापारियों की भीड़ लगी रही।
वाइल्ड लाइफ इंडिया इंटी पोचिंग डिवीजन को यह सूचना मिली थी कि श्यामगंज में रामा पंसारी की दुकान पर वन अधिनियम के तहत प्रतिबंधित जीवों के अंग और जड़ी बूटियों की बिक्री हो रही है। सोमवार शाम डिवीजन के दीपक कुमार ने बरेली रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी रवींद्र सक्सेना, वैभव चौधरी और वन विभाग के अन्य स्टाफ के साथ श्यामगंज में श्याम अग्रवाल निवासी नेहरू पार्क, प्रेमनगर की श्यामगंज में रामा पंसारी के नाम से स्थित दुकान पर छापा मारा। टीम ने दुकान से सियार के 11 अंग, पटडा गोह (मॉनिटर लिजर्ड) के तीन लिंग और पांच सौ ग्राम कुटकी बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान व्यापारी श्याम अग्रवाल के दो सहयोगी विशाल गुप्ता निवासी मोहल्ला जगतपुर थाना बारादरी और मुनेश निवासी भगवंतपुर थाना बीसलपुर को पकड़ा गया। वन विभाग की ओर से व्यापारी और उसके इन दोनों सहयोगियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुकान भी सील कर दी गई है।
मामला रफा-दफा कराने में जुटे रहे कुछ व्यापारी नेता
वन विभाग की कार्रवाई के बाद कुछ व्यापारी नेता इस मामले को रफा दफा कराने में जुटे रहे लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ वन जीव अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया।
वन विभाग की टीम ने श्यामगंज के रामा पंसारी की दुकान से प्रतिबंधित वन्य जीवों के अंग और जड़ी बूटी बरामद की है। इसमें व्यापारी सहित तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। - भरतलाल, डीएफओ