बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट से निकले तेंदुए ने एक वन कर्मी, पुलिस दरोगा और एक किशोर समेत छह लोगों को हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बमुश्किल तेंदुआ गांव से भागा और मेंथा (पिपरमिंट) के खेत में छिप गया। वन विभाग की टीम तेंदुए की निगरानी में लगी हुई है।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट से गुरुवार सवेरे निकला एक तेंदुआ दुर्गा गौढ़ी गांव में आ धमका। जहां उसने गांव निवासी छोटेलाल (25), सिपाही लाल ( 35 ), भिखारी (26) और शेखर (12) पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। तेंदुए के इस हमले से ग्रामीणों के हाथ, पैर और कंधे जख्मी हो गए। इस घटना के बाद लोग घरों में दुबक गए और घटना की सूचना वन विभाग एवं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस कर्मी भी गांव में पहुंच गए। इससे पहले तेंदुआ वहां से भागकर गांव से सटे मेंथा (पिपरमेंट) के खेत में छिप गया। वन कर्मियों और पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला बहराइच की सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया।
इधर, घटनास्थल पर पहुंची वन एवं पुलिस कर्मियों की टीम जब तेंदुए के पगचिह्न देखकर उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी, तभी खेत में छिपे तेंदुए ने जंगल मटेरा बीट के फॉरेस्ट गार्ड ब्रजेश शुक्ला और जिला बहराइच के मुर्तिहा थाने के दरोगा राजकुमार रावत पर हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। बाद में ग्रामीणों और वन कर्मियों ने किसी तरह शोरगुल कर तेंदुए को खदेड़ा। जहां से भागकर तेंदुआ जंगल में छिप गया। घटना के बाद से वन कर्मी तेंदुए की लगातार निगरानी में लगे हुए हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
उधर दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के उपनिदेशक डॉ अनिल कुमार पटेल भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि तेंदुए की लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और खेतों की ओर समूह में जाने की सलाह दी गई है।