तिकुनियां। बैंक कैशियर की आंखों में मिर्च झोंककर मोबाइल और बैग लूट की घटना का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा करते हुए मोबाइल बरामद कर दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
बेलापरसुआ स्थित आर्यावर्त बैंक के कैशियर विनोद कुमार 18 मई को बैंक जा रहे थे। कड़िया-बेलापरसुआ मार्ग पर एसएसबी चौकी रघुनगर के निकट बाइक सवार दो लुटेरों ने उनकी आंख में मिर्च झोंक दी थी। तमंचे के बल पर मोबाइल, बैग लूट ले गए थे। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस बेलरायां-कड़िया मार्ग पर गांव बघैये के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच बाइक से निकले इसी कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरटिया निवासी जसवंत सिंह उर्फ टोनी और फरेंदा फार्म निवासी मनिंदर जीत सिंह को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान जसवंत सिंह के पास लूटा गया कैशियर का मोबाइल बरामद हुआ, जबकि मनिंदर सिंह के पास से पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान भेजा है।
दस हजार का इनामी अपराधी चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद होने का दावा किया है।
प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बेनीपुरवा के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी बीच पुलिस ने गांव मटेही की तरफ से बाइक लेकर आए इनामी अपराधी हामिद उर्फ हमीद निवासी उमरिया कोतवाली सदर को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में बरामद बाइक चोरी की निकली। यह बाइक चार महीने पहले शहर से चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि चोरी के एक अन्य मामले में एसपी ने उस पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
दो शातिर इनामी बदमाश गिरफ्तार
ईसानगर पुलिस ने दस-दस हजार रुपये के दो इनामी शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। पकड़े गए बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी करवाई की जा चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वह बुधवार की रात हाईवे पेट्रोलिंग पर थे। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर सिसैया चौराहे के निकट दो लोग पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर गांव सरयू पार बंशी बेली निवासी सोबरन और बिजनस को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शातिर अपराधी हैं। इन पर लूट, चोरी और डकैती के भी मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर मामले में दोनों फरार थे। एसपी ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखी था।
कार लूटकांड खुलासे के करीब पहुंची पुलिस
फरधान बैंक के सहायक मैनेजर से लूटी गई कार मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो लुटेरों को हिरासत में लेकर कार भी बरामद कर ली है। हालांकि पुलिस ने अभी तक अधिकारिक रूप से बरामदगी की पुष्टि नहीं की है। संभावना जताई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस मामले का खुलासा करेगी। चार दिन पहले अपाचे बाइक सवार दो लुटेरे भिनगा (श्रावस्ती) स्थित यूको बैंक के सहायक बैंक मैनेजर संदीप की कार लूट ले गए थे। स्वॉट टीम के सूत्रों की माने तो पुलिस टीम ने लूटी गई कार बरामद कर दो लुटेरों को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस अभी उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने अधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।