जंगल में अजगर को छोड़ते वनकर्मी।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। प्रसादपुर रेलवे हाल्ट के समीप से वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने तीन साल का 10 फुट लंबा और हरीपुर फुलहर गांव के समीप से सात साल की उम्र का 13 फुट लंबा अजगर पकड़कर जंगल में छोड़ा। प्रसादपुर रेलवे हाल्ट के समीप से पकड़ा गया अजगर चौथा अजगर है। इससे पहले तीन अजगर को वन एवं वन्य जीव की टीम पकड़कर जंगल में छोड़ चुकी है।
वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर मोहम्मद अयूब हसन ने बताया कि प्रसादपुर रेलवे हाल्ट के समीप रेलवे के तालाब किनारे झाड़ी में अजगर होने की सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अजगर को पकड़वाया गया। अजगर तीन साल का और 10 फुट लंबा था। इससे पहले इसी झाड़ी से तीन अजगर सांपों को पकड़कर जंगल में छुड़वाया जा चुका है। शुक्रवार को पकड़े गए अजगर को माला रेंज जंगल में छुड़वाया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव हरीपुर फुलहर के दक्षिण दिशा में अजगर होने की सूचना पर टीम के साथ उसे भी पकड़वाया गया। अजगर सात साल का और 13 फुट लंबा था। इस अजगर को बराही रेंज जंगल में छोड़ा गया।