विस्तार से जानते हैं मामला
गांव निवासी नन्हे खां (62) और उनका बड़ा बेटा मिसिरयार खां (33) दोपहर बाद बाइक से घर से फरीदपुर आ रहे थे। नन्हे की दूसरी पत्नी के बेटे मकसूद खां ने अपनी कार से उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार से कुचलकर बाइक सवार नन्हे व मिसिरयार खां की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी मकसूद मौके पर कार छोड़कर भाग गया।
नन्हे खां ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी फरीदपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव निवासी हुस्नबानो से हुई थी। हुस्नबानो की संतान मिसिरयार थे। हुस्नबानो की मौत के बाद नन्हे खां ने बहेड़ी के मितहापुर निवासी जरीना से दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी की संतान मकसूद खां है। विवाद की वजह से जरीना नन्हे खां और मकसूद को छोड़कर चली गईं। नन्हे खां ने पिता होने का फर्ज निभाया और दोनों बेटों की शादी कर दी। दोनों के बच्चे भी हैं।
यह भी पढ़ें- पिता और सौतेले भाई की हत्या: बेटे ने एक दिन पहले दी थी धमकी, फिर कार से कुचलकर मार डाला; पढ़ें पूरी कहानी
बड़ा बेटा मिसिरयार गांव में किराना की दुकान चलाता था। मकसूद वैन चलाकर परिवार पालता था। नन्हे अपने बड़े बेटे मिसिरयार खां के साथ रहते थे, जबकि मकसूद मकान के दूसरे हिस्से में रहता था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि नन्हे ने अपनी 22 बीघा जमीन में से चार-चार बीघा जमीन दोनों बेटों को जोतने-बोने के लिए दी थी। मकसूद जिद करता था कि कुल जमीन का एक तिहाई हिस्सा उसे चाहिए।