बरेली। आईजी कार्यालय के बाद कोरोना वायरस ने वन विभाग में घुसपैठ की है। तीन दिन पहले एंटीजन की जांच में संदिग्ध मिले डीएफओ भरतलाल की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। सर्विलांस टीम के मुताबिक लखनऊ में रह रहे डीएफओ के परिजन पहले ही संक्रमित मिल चुके हैं। पिछले तीन दिनों से डीएफओ लखनऊ में ही हैं।
आरटीपीसीआर, ट्रूनेट, एंटीजन से हुई करीब दो हजार से ज्यादा सैंपल की जांच में रविवार को 60 व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। सर्विलांस टीम संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और उन्हें आइसोलेट करा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जाकारी के मुताबिक रविवार को सिविल लाइंस, सूद धर्मकांटा, महानगर, ऑफिसर हॉस्टल, गांधीनगर, बहादुरगंज, दुर्गानगर, राजेंद्रनगर, प्रियदर्शिनी नगर, आकाशपुरम, इज्जतनगर, डेलापीर, आलोकनगर, ट्यूलिप ग्रेस, जनकपुरी, परतापुर जीवन सहाय आदि इलाकों में संक्रमित मिले हैं। ब्यूरो
सेंट्रल और जिला जेल में सैंपलिंग शुरू
बरेली। पिछले साल जिला और केंद्रीय कारागार में बड़ी संख्या में बंदी और सुरक्षाकर्मी संक्रमित मिले थे। अब जब संक्रमण के मामले फिर बढ़ रहे हैं तो दूसरे जिलों से शिफ्ट हो रहे कै दियों के संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कैदियों और कारागार के सुरक्षाकर्मियों की सैंपलिंग का खाका तैयार किया है। स्वास्थ्य विभाग सैंपलिंग टीमों को भेजकर कारागार के अलावा नारी निकेतन, बाल सुधार गृह, अनाथाश्रम, वृद्धाश्रम में सैंपलिंग कराएगा। ब्यूरो