बरेली। जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण के कारण रोज आम जनता परेशान हो रही है। इसको लेकर नगर निगम का अतिक्रमण विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, बल्कि पुलिस में पत्र भेजने की बात कहकर टाल देता है। मंगलवार को जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण के कारण लगे जाम में जिलाधिकारी की कार फंस गई। इसके बाद डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई तब जाकर आनन-फानन में आधे घंटे के अंदर ही सड़क अतिक्रमण मुक्त हो गई।
मंगलवार को डीएम रविंद्र कुमार जिला अस्पताल में निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। अस्पताल में वह एक घंटे से अधिक समय तक रुके। डीएम के आने के दौरान तो जिला अस्पताल रोड पर उनकी कार आसानी से निकल गई। लौटते समय अतिक्रमण व ग्राहकों की भीड़ की वजह से जाम लग गया। इस जाम में जिलाधिकारी की कार फंस गई। डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन पर ही कड़ी फटकार लगाई। वहीं राजस्व व अतिक्रमण निरीक्षक नीरज गंगवार और राजस्व निरीक्षक सचिदानंद समेत प्रवर्तन दल और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने जिला अस्पताल रोड पर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटवाया। वहीं कई दुकानदारों का सामान जब्त कर 19 हजार का जुर्माना भी वसूला। संवाद
जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण अभियान चलाया गया है। जुर्माना भी वसूला है। रोड पर अतिक्रमण को लेकर अभियान अब जारी रहेगा।
- नीरज गंगवार, राजस्व व अतिक्रमण निरीक्षक