भोजीपुरा। नववर्ष की पार्टी में रात में डीजे बजाने के विरोध पर बरातघर के मैनेजर की पिटाई कर दी गई। इसके बाद वहां जमकर तोड़फोड़ की गई। मैनेजर के ऊपर तमंचा तान दिया गया। मालिक व आसपास के लोगों ने आकर बचाया। मामले में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने छह नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव दोहना पीतमराय में कस्बे के अंकित अग्रवाल का स्पर्श विलेज क्लब के नाम से बरातघर है।
बरातघर के भूतल में उन्होंने एक रेस्टोरेंट बनवाकर बरेली शहर के उमंग खट्टर को एक जनवरी को किराये पर दे रखा था। नववर्ष पर उमंग खट्टर के करीब 30 जान पहचान के लोग पहुंचे थे। एक जनवरी को रात्रि दस बजे के बाद सभी युवा डीजे पर डांस कर रहे थे।
तभी बारात घर के मैनेजर नितांश गौड़ ने नियमानुसार डीजे बंद करने को कहा था। तभी रेस्टोरेंट के किरायेदार उमंग खट्टर व उनके साथियों ने मैनेजर की पिटाई कर दी और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने लगे।
तभी मैनेजर ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। उधर, मालिक अंकित अग्रवाल भी आ गए। शोरगुल पर आसपास के लोगों व मौके पर पहुंची। पुलिस ने मैनेजर को बचाया।
आरोपियों ने बरातघर के मालिक से पार्टी खराब करने के नाम पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर धमकी दी। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर उमंग खट्टर, शिव, देवराज, चंदोल, कार्तिक व प्रियांशु व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
अपराध निरीक्षक श्रवण कुमार यादव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद