प्रदेश की सीमा पर प्रस्तावित 35 द्वार में एक बरेली में
बरेली। बरेली-बागेश्वर स्टेट हाईवे पर उत्तराखंड की सीमा पर स्वागत द्वार बनेगा। प्रदेश के 35 जनपद ऐसे हैं जहां सड़क मार्ग से दूसरे प्रदेश की सीमा जुड़ती है। इन सभी प्रवेश स्थलों पर स्वागत द्वार बनाने के निर्देश शासन ने दिए हैं।
अगर कहीं जमीन मिलने में दिक्कत है तो लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं और संबंधित जिले के जिलाधिकारी को उपलब्धता के लिए काम करना होगा, लेकिन स्वागत द्वार बनना ही है। बरेली-बागेश्वर स्टेट हाईवे पर उत्तराखंड शुरू होने से पहले बने टोल से आगे उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में स्वागत द्वार प्रस्तावित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया है। अब द्वार बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि द्वार के लिए जमीन मिलने में फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है। ब्यूरो