बिजली कटौती से रातभर जाग रहा शहर
दिन में मनमानी कटौती से शहर पसीने से तरबतर हो रहा है। रात में ट्रिपिंग और फाल्ट के चलते रोज दो लाख लोग जागकर रात बिताने को मजबूर हैं। अभियंता लोड मैनेजमेंट का दावा कर रहे हैं, लेकिन ओवरलोडिंग के चलते सिस्टम हांफ रहा है। बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। 15 दिन से रोज ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ रहे हैं, जिसके कारण कई-कई घंटे बिजली नही मिल रही है।
शहर की आबादी आठ लाख से अधिक है। आवास विकास, सुभाषनगर, हरुनगला, जोगी नवादा, सीबीगंज, मथुरापुर, किला क्षेत्र, संजय नगर, दुर्गानगर, डीडीपुरम, महानगर, कृष्णानगर, कुतुबखाना, कटरा चांद खां में अघोषित कटौती और ट्रिपिंग ने लोगों को रातभर सोने नहीं दिया। विवेक विहार के रोहित कुलश्रेष्ठ ने बताया कि दोपहर में बार-बार कटौती होने से नींद पूरी नहीं हो पाई।
ये भी पढ़ें- बूढ़ी मुर्गियों का बनेगा अचार: मशीन में विकसित होंगे चूजे, CARI के वैज्ञानिकों ने विकसित की तकनीक
सिविल लाइंस के शहरोज नसीम ने बताया कि रोज दो से तीन घंटे कटौती हो रही है। लो वोल्टेज के चलते कूलर और पंखे नहीं चल पाते। गर्मी में पसीना बहाना पड़ता है। इसके अलावा आलमगिरीगंज में चार घंटे कटौती हुई। ग्रेटर ग्रीन पार्क, गोल्डन ग्रीन पार्क, ग्रीन पार्क कॉलोनी में दोपहर 2:30 से रात 8 बजे तक बिजली गुल रही।