बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठिठुरन.. आज बारिश के आसार, अधिकतम तापमान में दो डिग्री से ज्यादा गिरावट
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। कई दिनों से खिल रही गुनगुनी धूप दगा दे गई। मौसम ने ऐसी करवट बदली कि गुरुवार दिनभर काले बादल छाए रहे। शाम होते-होते बूंदाबांदी ने ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ दिन शीतलहर चलेगी। पश्चिमी विक्षोभ से तेज हवाओं संग बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि 13 दिसंबर को तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान तेजी से नीचे आएगा, सर्दी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिमी हिस्से के ऊपर दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका असर दिखाई देने लगा है। गुरुवार को यह बात काफी हद तक सच साबित हुई। शीतलहर का प्रकोप दिखाई दिया, जिसमें रिमझिम बरसात ने और इजाफा कर दिया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री और न्यूनतम 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बारिश से कोहरे का कहर थमेगा, लेकिन धूप मुश्किल से निकलेगी। शनिवार और रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार से शीतलहर और कहर बरपाएगी।