बृहस्पतिवार को भी हुई बारिश
बुधवार रात 11 बजे से बादल घिरने लगे थे। रात में हल्की तेज हवाएं चलीं। बृहस्पतिवार तड़के 4:30 बजे से रिमझिम फुहारें पड़ने लगीं। दिनभर हल्की तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से छह डिग्री कम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम छह बजे तक 27.2 मिमी बारिश हुई। रात में भी रुक-रुककर बारिश होती रही।
बदायूं रोड का हाल
शुक्रवार तड़के फिर से बारिश शुरू हो गई। शहर में करीब तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। सड़कें बारिश के पानी से लबालब हो गईं। नौकरीपेशा व्यक्ति सुबह-सुबह बारिश में भींगते हुए ऑफिस पहुंचे। बारिश के कारण स्कूलों में छात्र संख्या कम रही और शिक्षण प्रभावित रहा। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे तक ऐसे ही हालात बने रहे।
जिला अस्पताल में जलभराव होने से मरीजों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। डॉक्टरों और स्टाफ को भी कक्ष तक पहुंचने के लिए पानी से गुजरना पड़ा।