देवरनियां। पानी का रखवाया गया टैंकर।
टंकियों में पानी न आने से नलों का दूषित पानी पीने का मामला उजागर हुआ तो चेते जिम्मेदार
देवरनियां। नगर पंचायत में शामिल सेमीखेड़ा मे दो सालों से टंकियों में पानी नहीं आया है। शनिवार को यह मामला उजागर हुआ तो जिम्मेदार चेते और पानी का टैंकर रखवा दिया है, मगर लोगों ने गर्म बताकर पानी नहीं लिया।
नगर पंचायत देवरनियां का हिस्सा सेमीखेड़ा दो सालों से शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहा है। दो साल पहले देवरनियां स्थित पानी की टंकी से सप्लाई के लिए लोगों ने कनेक्शन लिए, मगर दो दिन पानी आने के बाद टंकियों में आज तक पानी नहीं आया। इससे लोग नलों का दूषित और पीला पानी पीने को मजबूर हो गए। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया तो जिम्मेदार चेत गए।
शनिवार को नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से पानी का एक टैंकर आबादी से दूर ढकिया रोड पर रखवाया गया, मगर इससे कोई खास सहूलियत लोगों को नहीं मिली। लोगों ने बताया कि टैंकर का पानी गर्म था। ऊपर से आबादी से दूर है। इस कारण किसी ने टैंकर से पानी नहीं लिया। लोगों का कहना है कि अगर जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे।
लोगों की सहूलियत के लिए रखवाया टैंकर: चेयरमैन
नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अन्सारी का कहना है कि लोगों की सहूलियत के लिए पानी का टैंकर रखवाया है। बढ़ते तापमान की वजह से पानी गर्म हो गया होगा। सेमीखेड़ा और पानी की टंकी के बीच के फासले में पाइप लाइन को भी दिखवाया जाएगा। संवाद
देवरनियां। पानी का रखवाया गया टैंकर।