किला बाजार में पुलिस ने की सख्ती, फालतू घूमने वालों को दौड़ाया
विज्ञापन
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 25 गिरफ्तार, सात मुकदमे दर्ज
बरेली। लॉकडाउन के दौरान पुलिस की सख्ती के बावजूद लापरवाह लोग लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सोमवार को किला बाजार में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बोरे में मुर्गियां भरकर ले जाते एक व्यक्ति को पकड़ा लिया। हालांकि बोरे में राशन बताकर उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। इज्जतनगर व बारादरी थाना क्षेत्र समेत जिले में 25 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन में रिपोर्ट दर्जकर गिरफ्तार किया गया।
किला बाजार में सोमवार सुबह मजिस्ट्रेट और इंस्पेक्टर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से कट्टे में सामान लेकर गुजरे एक व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने घर का राशन ले जाने की बात कही। इस बीच कट्टे में कुछ हिलता हुआ नजर आया तो पुलिस को संदेह हुआ। कट्टा चेक किया गया तो उसमें मुर्गियां निकली। पुलिस ने तुरंत व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बाजार में फालतू घूम रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। प्रेमनगर क्षेत्र में भी धर्मकांटा चौराहे पर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने टीम के साथ चेकिंग की। श्यामगंज बाजार में रोजाना के मुकाबले कम भीड़ भाड़ देखने को मिली। यहां नियमों का उल्लंघन कर रहे कुछ दुकानदारों को पुलिस पकड़कर बारादरी थाने ले गई। लेकिन बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। लॉकडाउन का उल्लंघन करते पकड़े गए अन्य लोगों के खिलाफ भी बारादरी थाने में कार्रवाई की गई। बारादरी थाने में दो, इज्जतनगर थाने में सात समेत जिले भर में 25 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल सात रिपोर्ट दर्ज की गईं और 702 वाहनों के चालान भी किए गए।
चेतावनी के बावजूद खुली मिठाई की दुकानें
इज्जतनगर थाना के बैरियर वन क्षेत्र में कुछ दिन पहले चेकिंग करने पहुंचे एएसपी को एयरफोर्स गेट के पास मिठाई की दुकानें खुली मिली थीं। इस पर उन्होंने दुकानदारों को फटकारते हुए दुकान खोलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। लेकिन इसके बावजूद दो दुकानें लगातार खुल रही हैं। सोमवार को भी दुकानेें खुली मिली। यहां समोसे व अन्य चीजें भी रखीं नजर आईं।
चेकिंग के दौरान पुलिस से भिड़ा सैन्यकर्मी
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सोमवार को श्यामगंज चौराहे पर इंस्पेक्टर नरेश त्यागी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। यहां कई वाहनों के चलान भी काटे गए। वहीं दोपहर के वक्त तेजी से आई एक ईको स्पोर्ट कार को पुलिस ने रोकना चाहा तो चालक ने गाड़ी भगा दी। किसी तरह पुलिस टीम ने गाड़ी रोककर उसमें बैठे दो लोगों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गए। मौके पर एएसपी भी पहुंच गए। दोनों में एक युवक ने खुद को सैन्यकर्मी बताया। थाने से ही दोनों युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। लेकिन उनकी कार सीज कर दी।