नकली इंजन ऑयल बनाने वाले वसीम ने की थी बीकॉम फाइनेंस की पढ़ाई
विज्ञापन
सड़क किनारे वाहन रिपेयरिंग करने वालों को बेचते थे नकली इंजन ऑयल
बरेली। किला के मोहल्ला कटघर में नकली इंजन ऑयल की फैक्टरी चला रहे हसीन अख्तर और उसके बेटे वसीम को किला पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। इस दौरान वसीम ने बताया कि वह बीकॉम फाइनेंस की पढ़ाई कर चुका है और बैंक में पीओ (प्रोबेशनरी ऑफिसर) की तैयारी कर रहा था। लॉकडाउन में पढ़ाई बंद थी तो पिता के साथ इस काम में लग गया और अब जेल जाना पड़ रहा है।
शुक्रवार शाम सात बजे किला पुलिस ने कटघर मोहल्ले में हरी मस्जिद के पास नकली इंजन ऑयल बनाने वाली फैक्टरी पकड़ी थी। मौके से करीब 500 लीटर इंजन ऑयल, केस्ट्रॉल जैसे नामचीन ब्रांड के डिब्बों में पैक और उनके रैपर, खाली डिब्बे, स्टीकर आदि बरामद हुए। वहां से पुलिस ने हसीन अख्तर और उसके बेटे वसीम को गिरफ्तार किया था। शनिवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। इस दौरान हसीन ने बताया कि वह पहले काले इंजन ऑयल का काम करता था और उसे बढ़ाना चाहता था। पुलिस ने उसे फंसा दिया लेकिन पुलिस का कहना है कि अब वे दोनों नकली इंजन ऑयल बनाने लगे थे। इस तेल को वे दोनों एजेंट के जरिये सड़क किनारे वाहन रिपेयरिंग करने वाले मैकेनिकों को सप्लाई करते थे।