भोजीपुरा। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुरू हुआ ग्राम विकास अधिकारियों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को ग्राम विकास अधिकारी स्वयं के मोटर चलित वाहनों का बहिष्कार करते हुए साइकिल व सार्वजनिक परिवहन साधनों से कार्यस्थल पर पहुंचे। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर 15 दिसंबर से डोंगल सरेंडर करने की भी चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रांतीय मंत्री जितेंद्र गंगवार ने स्वयं साइकिल चलाकर विकासखंड भोजीपुरा का दौरा किया और दैनिक कार्य निपटाए। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता है, प्रदर्शन चलता रहेगा।
संघ ने चेतावनी दी कि आंदोलन के अगले चरण में 15 दिसंबर को जिले के समस्त ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी भुगतान डोंगल संबंधित विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को सौंप देंगे। यह कदम ग्राम पंचायतों में वित्तीय कामकाज को प्रभावित कर सकता है।