बरेली। भमोरा थाना पुलिस ने शुक्रवार को सरदारनगर पुल के पास से चर्चित हिस्ट्रीशीटर व बर्खास्त सिपाही 25 हजार के इनामी सुरकेश शर्मा, उसकी पत्नी कृतिका शर्मा (वकील) और गुर्गे ओमवीर को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया तो कृतिका की गिरफ्तारी पर वकीलों ने हंगामा भी किया। हालांकि, कोर्ट ने पुलिस के तर्क मानते हुए तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। रंगदारी व अवैध वसूली के आरोप में दर्ज नए मामले में यह कार्रवाई की गई है।
भमोरा थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव चाढ़पुर निवासी अंकुर मिश्रा उर्फ प्रभात ने गांव लंगुरा निवासी सुरकेश शर्मा, उसकी पत्नी कृतिका शर्मा, सुरकेश के साथी विजय, भूरे, ओमवीर, ममत, मंजू, अनीता, शानू, शोभा व पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर भुजा गांव निवासी शिल्पी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अंकुर ने आरोप लगाया है कि सुरकेश का संगठित गिरोह है जो लोगों के खिलाफ महिलाओं से फर्जी मामले दर्ज कराता है। फिर उनसे वसूली करके मामले रफा-दफा कराता है। वसूली न होने पर लोगों को परेशान किया जाता है।
अंकुर ने बताया कि पहले सुरकेश ने ममता से उनके खिलाफ फर्जी मामला दर्ज कराया, फिर राहत दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये मांगे। मना करने पर जेल भिजवाने, जान से मारने की धमकी दी गई। इससे परिवार भय और तनाव के माहौल में जी रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।