बरेली। गर्मियों के इस सीजन पिछले साल के मुकाबले ज्यादा ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन के बाद भी नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम नहीं हो रहा। कई विशेष ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा।
ऐसे में रेलवे ने 12 ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे 20 हजार से ज्यादा यात्रियों के स्लीपर श्रेणी के वेटिंग टिकट कन्फर्म हो सकेंगे।
इन दिनों लंबी दूरी की ट्रेनों में लोगों को स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी की कन्फर्म टिकट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 30 मई से 15 जून तक 04008-07 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी विशेष ट्रेन, 14207-08 पद्मावत एक्सप्रेस, 14205-04 अयोध्या एक्सप्रेस, 14235-36 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, 22420-19 सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 14308-08 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया गया है। लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों में एसी तृतीय श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।