आईएमए बरेली शाखा के चुनाव के लिए रविवार सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान को लेकर चिकित्सकों में उत्साह दिखा। करीब 800 से ज्यादा चिकित्सक इस चुनाव में मतदान करेंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की बरेली शाखा के चुनाव के लिए रविवार सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। इस चुनाव में आठ सौ से अधिक चिकित्सक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को लेकर चिकित्सकों में खासा उत्साह देखा गया।
विज्ञापन
आईएमए भवन में शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के एक घंटे बाद मतगणना शुरू होगी। इसके तुरंत बाद विजेताओं के नामों की घोषणा की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डॉ. आरके भास्कर के बीच सीधा मुकाबला है। उपाध्यक्ष के दो पदों पर डॉ. अंशु, डॉ. शालिनी और डॉ. वीर महेंद्र पाल सिंह मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. कामेंद्र सिंह और डॉ. राजवीर सिंह गंगवार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। सचिव, अस्पताल सलाहकार समिति के सदस्य और पीआरओ पद पर केवल एक-एक प्रत्याशी हैं।
चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. विमल भारद्वाज ने जानकारी दी कि निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों की घोषणा मतदान संपन्न होने के बाद की जाएगी। सुबह से ही विभिन्न पदों के दावेदार मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करते रहे। वे अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।