नोटिस के जवाब में यदि मतदाता निर्वाचन आयोग से निर्धारित 11 विकल्पों में से कोई एक प्रस्तुत करते हैं तो उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा। नोटिस का जवाब न मिलने पर संबंधित मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया जाएगा।
बीएलओ को खोजे नहीं मिले 1.23 लाख मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीएलओ के सर्वे के दौरान 1,23,421 मतदाता अपने घरों में नहीं मिले हैं। इसमें 46,992 वोटरों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि शेष मतदाता दूसरे क्षेत्र में शिफ्ट होने या अन्य कारण से बीएलओ को खोजे नहीं मिले हैं।
एसआईआर फॉर्म भरने में पार्षद करेंगे सहयोग
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में तेजी के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बरेली शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ, नगर निगम पार्षदों के साथ बैठक की। शहरी इलाकों में भरे फॉर्म लेने में आ रही समस्या साझा करते हुए पार्षदों से सहयोग के लिए कहा। पार्षदों ने भी समस्या बताई और सुझाव दिए।
कैंप लगाकर मतदाताओं के भरे फॉर्म
मतदाता जागरूक अभियान के तहत सूफी टोला वार्ड के कसाई टोला व काजी टोला में कैंप लगाकर मुस्लिम मजलिस के कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के फाॅर्म भरने में सहयोग किया। इसमें राजू, हबीब अंसारी, शमीम कुरैशी, बिलाल कर्म बबलू अब्बासी शामिल रहे। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के जिलाध्यक्ष आतीक करम इदरीसी ने बताया कि मजलिस की ओर से एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता जगरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसमें सबकी भागीदारी जरूरी है।