जासपुर गांव के दो युवकों की हादसे में हो गई थी मौत
नवाबगंज। क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में मौत के बाद दो युवकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों में चीत्कार मच गई। अंतिम संस्कार के लिए दोनों की अर्थी उठी तो पूरा गांव रो पड़ा। इस बीच ग्रामीणों ने आकर परिवार को सांत्वना दी।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के जासपुर गांव के निवासी विष्णु (21) अपने परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार को अपने चचेरे भाई सोनू (18) के साथ नवाबगंज में चल रहा रामलीला मेला देखने आए थे। देर रात मेला देखकर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही नवाबगंज सुंदरी मार्ग पर पृथ्वीपुर नवदिया गांव के पास पहुंचे। उसी बीच सामने से आ रही कंबाइन मशीन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
मृतक सोनू की मां उर्मिला देवी और भाई करन व राजू और मृतक विष्णु की मां विशाखा, भाई आकाश, जितेंद्र और बहन कविता व ज्योति का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। बुधवार को दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। संवाद