पीलीभीत। घटना के खुलासा को लेकर पुलिस लगातार युवकों को हिरासत में कड़ाई से पूछताछ कर रही है। इसके विरोध में शुक्रवार को सुबह ग्रामीण एकत्र होकर हो गए। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस बिना दरवाजा खटखटाए घर में घुस जाती है। हालांकि पुलिस अफसरों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जो लोग पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए हैं, उन्हें शाम तक छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद भी नहीं छोड़ा गया, तो ग्रामीणों ने फिर हंगामा करते हुए रोड जाम करने की चेतावनी दी।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र में बिटिया के साथ हुई दरिंदगी के मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस कई गांव के लोगों को हिरासत में लेेकर पूछताछ कर रही है। कुछ लोगों को छोड़ भी दिया गया। मगर कुछ लोगों को कई दिन बीतने के बाद भी नहीं छोड़ा गया। जबकि रोजाना रात में पुलिस दबिश देकर युवकों को हिरासत में ले रही है। इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने शुक्रवार को साढ़े साथ बजे गांव के बाहर स्कूल के पास एकत्र होकर पुलिस के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बेवजह उनके पुत्रों को पकड़कर परेशान कर रही है। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस रात में बिना दरवाजा की कुंडी बजाए घर में दीवार लांघकर घुस जाती है। इससे महिलाओं को काफी दिक्कत होती है। इस पर पुलिस ने शाम तक उनके घर के सदस्यों को हिरासत से छोड़ने का आश्वासन दिया दिया था। मगर शाम चार बजे तक नहीं छोड़ा गया। इस पर फिर शाम को ग्रामीण एकत्र होकर हंगामा करने लगे थे। सूचना पर सीओ प्रशांत सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कुछ ही देर में उनके परिवार के सदस्यों को छोड़ दिया जाएगा। बाद में ग्रामीणों ने देर शाम तक नहीं छोड़ने पर फिर से रोड जाम करने की चेतावनी देकर हंगामा खत्म कर दिया।