बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 80 हजार रुपये की उधारी की वजह से तनाव में आए 50 वर्षीय ग्रामीण ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हरदुआ गांव निवासी 50 वर्षीय लालाराम का शव खेत के पास एक पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। उनके छोटे भाई श्यामसुंदर ने पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि लालाराम ने सूरत के एक ईंट भट्ठे से काम के लिए 80 हजार रुपये का अग्रिम भुगतान ले लिया था। वह परिवार को सूरत जाकर काम करने के लिए कह रहे थे, लेकिन परिवार ने मना कर दिया था। इसी बात को लेकर लालाराम तनाव में थे। हालांकि उनके बेटे कलंदर ने बताया कि परिवार में कोई विवाद या रुपये के लेनदेन का मामला नहीं था। परिवार उनकी मौत की वजह नहीं समझ पा रहा है।
लालाराम पर थोड़ी जमीन थी। वह ईंट-भट्ठे पर काम करने के साथ ड्राइविंग भी करते थे। परिवार में उनकी पत्नी चंद्रकली, तीन बेटे और चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया है।