विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण में देरी पर भाजपा के साथ विपक्षी दलों के सांसदों को भी चेतावनी दी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हिंदू वोटों के बल पर संसद की सीढ़ियां चढ़ने वाले सांसद अब बहुसंख्यक समाज के धैर्य की परीक्षा लेना छोड़ दें।
अगर वे दोबारा सांसद बनना चाहते हैं तो अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण करने के लिए संसद में सरकार पर दबाव बनाकर कानून बनवाएं। जो सांसद राम मंदिर निर्माण के बिल का विरोध करेगा, हिंदू समाज उसका लोकसभा चुनाव में पूरी तरह बहिष्कार करेगा।
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में रविवार को आयोजित ‘विराट हिंदू शंखनाद’ सभा में उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के तीन रास्ते हैं। पहला बातचीत का था जो विफल हो चुका है। दूसरे सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से यह मसला हल हो सकता था, लेकिन उसमें भी तारीख पर तारीख मिल रही है।
तीसरा और अंतिम विकल्प संसद में कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण करने का है। वैसे विहिप भगवान राम का मंदिर और भी तरीके से बना सकती है, लेकिन सोमनाथ मंदिर संसद में कानून बनाने का प्रयोग सबके सामने हैं। यह अभियान उसी के लिए चलाया जा रहा है।