बरेली। 15वीं बिल्ड एक्सपो बिल्डिंग मैटेरियल प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में निकाली गई स्वच्छता रैली में प्रत्येक शहरवासी को अपने घर का कूड़ा सड़क पर न फेंककर कूड़ेदान में डालने का संदेश दिया गया। आर्किटैक्ट ने शहीद पंकज अरोरा पार्क के आसपास सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की और सड़क पर फैले कूड़े को कूड़ेदान में डाला।
रविवार को डीडीपुरम से प्रारंभ हुई स्वच्छता बाइक रैली में आर्किटैक्ट्स ने शहीद पंकज अरोरा चौक पर हाथों में ग्लब्स पहनकर सफाई की और कूड़ा कूड़ेदान में डालकर शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद प्रथम चरण में स्वच्छता बाइक रैली डीडीपुरम चौराहे से प्रारंभ होकर राजेंद्र नगर, फिनिक्स मॉल, महानगर कॉलोनी, ग्रीन पार्क, पीलीभीत बाईपास रोड, सेटेलाइट बस स्टैंड, कालीबाड़ी, पटेल चौक, रामपुर गार्डन होते हुए गांधी उद्यान पहुंची। गांधी उद्यान पर कुछ देर विश्राम करने के बाद रैली का द्वितीय चरण शुरू हुआ। दूसरे चरण में रैली चौकी चौराहा, कचहरी, जंक्शन, कुतुबखाना, कोहाड़ापीर होते हुए स्टेडियम पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली में बाइक सवारों ने ‘बीमारियों का भूत भगाओ, स्वच्छता का मंत्र अपनाओ’, ‘मेरा शहर साफ हो, इसमें हम सबका हाथ हो’, ‘स्वच्छ बरेली है एक बड़ा अभियान, सब मिलकर करें अपना योगदान’, ‘जन-जन कूड़े के खिलाफ हो, हमारा शहर साफ हो’ आदि स्लोगन लिखे थे। बाइक चलाने वालों ने हेलमेट पहनकर शहरवासियों को स्वच्छता के साथ ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी सीख दी। रैली में अनुपम सक्सेना, पवन भट्ट, शलभ सक्सेना, रजनीश कमल, विभोर भारतीय, जितेंद्र शर्मा, अनिल सक्सेना, विमल गुप्ता, योगेंद्र सक्सेना, सुशील मौर्य, गीता शर्मा, नितिन सिंघल, अतर सिंह आदि शामिल थे।