पीड़ित परिवार के अनुसार, उन्होंने शादी के आयोजन के लिए लॉन की बुकिंग पर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च किए थे। जब मेहमान फैमिली टेबल पर बैठकर भोजन कर रहे थे, उसी दौरान वेटर स्टील का एक बड़ा बर्तन लेकर टेबल पर पहुंचा। मेहमानों की नजर बर्तन के बाहरी हिस्से पर पड़ी तो वे चौंक गए, क्योंकि उस पर चारों तरफ पंजों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। यह देखते ही मेहमानों में गुस्सा भड़क गया और मौके पर विवाद शुरू हो गया।
हंगामे के बीच लॉन के कर्मचारी और मैनेजर मौके पर पहुंचे। मेहमानों ने वीडियो रिकॉर्ड करते हुए जब बर्तन पर बने निशानों को लेकर सवाल किए, तो स्टाफ बचाव की मुद्रा में नजर आया। वीडियो में एक कर्मचारी यह कहते हुए सुना जा सकता है कि शायद गलती से ऐसा हो गया होगा। इस बेरुखे जवाब से नाराज लोगों ने कहा कि भारी-भरकम रकम वसूलने के बावजूद इस तरह की लापरवाही और अस्वच्छ व्यवस्था किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
परिवार का यह भी आरोप है कि आयोजन के दौरान लॉन प्रबंधन की ओर से पूरा भुगतान करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उनके मुताबिक, पूरी रकम लेने के बाद प्रबंधन का रवैया बदल गया और खाने तथा सेवा की गुणवत्ता गिर गई।
लोगों ने यह भी शिकायत की कि परोसे गए चावल ठीक से पके नहीं थे, और जब इस बारे में बात की गई तो कर्मचारियों ने सुबह मैडम से बात करने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की। वहीं, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह का कहना है कि अभी इस मामले में कोई शिकायत विभाग के पास नहीं आई है, अगर कोई शिकायत करता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।