फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: तेज हवा-बारिश से गेहूं के साथ सब्जी की फसलें हुईं प्रभावित

विज्ञापन
वजीरगंज में दोपहर के समय हुई बारिश के दौरान पड़े ओले। संवाद - फोटो : मेडिकल कॉलेज में मारपीट में घायल युवक का चल रहा इलाज।
विज्ञापन
बदायूं। जिलेभर में मंगलवार रात और बुधवार सुबह चली तेज हवा और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। तेज हवा के चलते खेतों में खड़ी गेहूं की फसल कई जगहों पर गिर गई। इससे उत्पादन और गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, सब्जी की फसलें भी इस मौसम की मार से अछूती नहीं रहीं।
विज्ञापन

जिले में इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में थी। कटाई की तैयारियां चल रहीं थीं। ऐसे में तेज हवा और बारिश ने फसल को जमीन पर गिरा दिया। इससे दाने काले पड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। इससे न केवल पैदावार घटेगी, बल्कि बाजार में मिलने वाली कीमत पर भी असर पड़ सकता है।
वजीरगंज समेत क्षेत्र के नदवारी, ब्यौली, हथरा, रुपपुरा, पस्तोर, रसूला, वीरमपुर आदि गांवों में बुधवार को हल्की ओलावृष्टि हुई। ओलों की वजह से सब्जी की फसलों जैसे टमाटर, मटर और हरी सब्जियों को अधिक नुकसान पहुंचा है। किसान रोहित, श्यामवीर ने बताया कि सब्जियों की फसल पहले ही लागत के मुकाबले कम मुनाफा दे रही थी, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए दोहरी मार साबित हो रहा है। हालांकि, बुधवार दोपहर बाद मौसम साफ होने से किसानों ने कुछ राहत की सांस ली। कई किसान अब जल्द से जल्द कटाई कराने की तैयारी में जुट गए हैं, ताकि और अधिक नुकसान से बचा जा सके।
विज्ञापन

कृषि वैज्ञानिक संजय कुमार का कहना है कि गिरी हुई फसल को जल्द काटकर सुरक्षित स्थान पर रखना चाहिए, ताकि गुणवत्ता में अधिक गिरावट न आए। साथ ही किसानों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखते हुए फसल प्रबंधन के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।


सब्जी उत्पादकों को भी हुआ नुकसान
बारिश और ओलावृष्टि से सब्जी उत्पादक किसानों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ा है। टमाटर, बैंगन और हरी सब्जियों की फसल पर ओलों और तेज हवा का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर पौधे टूट गए हैं। फल खराब हो गए हैं। किसान हरिशंकर, किशनवीर का कहना है कि सब्जियों की खेती में लागत अधिक होती है। नुकसान होने पर इसकी भरपाई करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


बारिश से फिर टूटा किसानों का हौसला
जगत। ब्लॉक क्षेत्र में सुबह से बदले मौसम के मिजाज ने किसानों को झकझोर कर रख दिया। कटाई में जुटे किसानों को अचानक बारिश के चलते काम बीच में ही छोड़कर घर लौटना पड़ा। गांव दारानगर समेत कई क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया। इससे कटाई पूरी तरह प्रभावित हो गई। किसान मोहन सिंह, महेश, गोविंद का कहना है कि पहले से भीगी फसल सूख भी नहीं पाई थी कि दोबारा बारिश ने हालात और खराब कर दिए। गेहूं की बालियां पीली पड़ने के बजाय अब काली पड़ने लगी हैं। इससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है। लगातार हो रही बारिश और आंधी से फसल की कटाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। कंबाइन मशीनें भीगी फसल में काम नहीं कर पा रहीं, वहीं मजदूरों के लिए भी कटाई करना मुश्किल हो गया है। कटाई के दौरान गीली मिट्टी के साथ फसल उखड़ रही है। कटी फसल में गलन व दीमक लगने की समस्या बढ़ गई है। संवाद



किसानों को सता रहा फसल खराब होने का डर
औरछी। औरछी, प्रमानन्दपुर, खेड़ादास, वझेड़ा नूतन आदि गांवों में मंगलवार रात से तेज हवा के साथ बूंदाबांदी देर रात्रि तक होती रही। इससे जो किसान गेहूं की निकासी कर रहे थे उनका गेहूं और भूसा भीग गया। किसानों को अब फसल खराब होने का डर सता रहा है। संवाद



जिले में बुधवार को हुई बारिश का आंकलन कराया जा रहा है। अब तक जिले में फसल को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। -मनोज रावत, जिला कृषि अधिकारी


आठ घंटे गुल रही बिजली
बदायूं। मंगलवार रात और बुधवार सुबह आई तेज हवा और बारिश का असर जिले की विद्युत आपूर्ति पर साफ दिखाई दिया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। शहर के नेकपुर, पाल नगर, प्रेम नगर, न्यू आदर्श नगर और बाबा कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में देर रात बिजली चली गई, जो बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद बहाल हो सकी। इस दौरान लोगों को लगभग आठ घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली आने के बाद भी दिनभर ट्रिपिंग की समस्या बनी रही, जिससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें हुईं। खासकर गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। संवाद


तापमान में आई गिरावट, ठंडा हुआ मौसम
बदायूं। तेज हवा और बारिश के कारण जिले के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बुधवार को इसमें गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान घटकर 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में आई इस गिरावट से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि अचानक बदले मौसम ने जनजीवन के साथ-साथ फसलों पर भी प्रभाव डाला है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। संवाद

वजीरगंज में दोपहर के समय हुई बारिश के दौरान पड़े ओले। संवाद- फोटो : मेडिकल कॉलेज में मारपीट में घायल युवक का चल रहा इलाज।

वजीरगंज में दोपहर के समय हुई बारिश के दौरान पड़े ओले। संवाद- फोटो : मेडिकल कॉलेज में मारपीट में घायल युवक का चल रहा इलाज।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें