आलोक नगर में शराबी ने हटाईं बल्लियां, शिकायत पर पुलिस ने सील किया इलाका
बरेली। इज्जतनगर के वीरसावरकर नगर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कॉलोनी के रास्ते को बंद कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को भी वीरसावरकर में संक्रमित पाए गए थे। शास्त्री नगर भी हॉटस्पॉट बनाया गया है।
वीरसावरकर नगर में चर्चा है कि एक हॉस्टल के चौदह छात्र संक्रमित पाए गए हैं। इलाके में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए कालोनी के गेट नंबर छह पर बल्लियां लगाकर सील किया गया है। इज्जतनगर एयरफोर्स क्षेत्र के आलोक नगर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को बल्लियां लगाकर कई गलियों को बंद किया था। क्षेत्र के एक शराबी ने बल्लियां हटा दी थीं, जिसके बाद पुलिस ने उसे हड़काया था। बृहस्पतिवार को कुछ लोग बल्लियां हटाने की मांग लेकर बैरियर वन चौकी पहुंचे थे। इन्हें पुलिस ने समझाकर वापस कर दिया। अब शुक्रवार को इज्जतनगर इंसपेक्टर ने गलियों को सील करवा दिया और पुलिस तैनात कर दी। प्रेमनगर के शास्त्रीनगर इलाके में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को भी शास्त्रीनगर के कई लोग संक्रमित निकले थे जिसके बाद आनन फानन में शास्त्रीनगर को सील कर दिया गया।
पटे की बजरिया में नहीं बनाया हॉटस्पॉट
प्रेमनगर के भूड़ पटे की बजरिया में बुधवार को संक्रमित निकला था। इसके बाद उसके घर को सैनिटाइज किया लेकिन इलाके को सील नहीं किया गया। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर कंटेन्मेंट जोन बनाने में लापरवाही का आरोप लगाया है।