बृहस्पतिवार तक नहीं मिली वैक्सीन तो क्लस्टर टीकाकरण टल जाएगा
बरेली। कोविड की तीसरी लहर से पहले लोगों को प्रतिरक्षित करने की उम्मीदों पर वैक्सीन की कमी भारी पड़ रही है। शासन से बुधवार को वैक्सीन मिलने की उम्मीद थी मगर देर शाम तक आपूर्ति नहीं हो सकी। लिहाजा, दिनभर असमंजस की स्थिति रही। अब बृहस्पतिवार को क्लस्टर में चल रहे टीकाकरण अभियान को फिलहाल टाल दिया गया है। वैक्सीन मिलने पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
एक जुलाई से प्रस्तावित मेगा वैक्सीनेशन अभियान वैक्सीन की कमी से अब तक शुरू नहीं हो सका है। चार जुलाई की शाम वैक्सीन की 40 हजार डोज मिलने पर छह ब्लॉकों में क्लस्टर एप्रोच के तहत टीकाकरण शुरू हुआ। बुधवार तक वैक्सीन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन रात करीब नौ बजे तक आपूर्ति के संबंध में अफसरों को कोई जानकारी मुख्यालय से नहीं मिली। ऐसे में अफसर क्लस्टर में चल रहे टीकाकरण को लेकर असमंजस में रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि अगर बृहस्पतिवार की सुबह तक भी वैक्सीन मिल जाती है तो क्लस्टर में अभियान चलेगा। वैक्सीन नहीं मिली तो शेष तीन हजार डोज के तहत शहर में ही सामान्य टीकाकरण जारी रहेगा। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
97 फीसदी युवाओं ने लगवाई वैक्सीन
बुधवार को जिले में 124 सत्रों में आयोजित हुए टीकाकरण में लक्ष्य के सापेक्ष 10701 युवा प्रतिरक्षित हुए हैं। 45 पार के 94 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि 45 पार के लिए 56 सत्र और 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लिए 68 सत्र में टीकाकरण हुआ है।
क्लस्टर में 98 फीसदी हुआ टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, फतेहगंज पश्चिमी में 2113, भोजीपुरा में 1718, शेरगढ़ में 1517, बहेड़ी में 1540, मुड़िया नवी बख्श में 1772, मीरगंज में 2260 ग्रामीणों को प्रतिरक्षित किया गया। क्लस्टर का लक्ष्य 11100 के सापेक्ष 10920 रहा, जो करीब 98.37 फीसदी दर्ज हुआ है।