बरेली। उत्तरायणी मेले के दूसरे दिन पहाड़ के सुप्रसिद्ध गायकों ने सांस्कृतिक पंडाल को गीत संगीत से सजा दिया। एकल गायक हीरा सिंह राणा ने रंगीली बिंदी घाघरी काली, साड़ी लाल चुंदरवाली.... हाय, हाय... मिजात गाया तो खूब तालियां बंजीं। राष्ट्रीय और अंतर राष्ट्रीय मंच पर गाने वाली गायिका संगीता ढोंड़ियाल ने चंदना मेरा पहाड़.. गीत गाकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। उत्तराखंड के कुमाऊनी और गड़वाली गीत सुनकर लोग पंडाल में झूमने लगे।
उत्तरायणी जन कल्याण समित की ओर से लगे मेले में दर्शकों की भीड़ बढ़ती जा रही है। शुक्रवार का दिन पहाड़ के मशहूर गायकों का रहा। गायक हीरा सिंह राणा ने स्वर्ग तारा जुनैली रात, कैथे कुनु, को सुनुलो, हिय की बात... गाया। संगीता ढोंड़ियाल ने चंदना मेरा पहाड़ आये... धूरा डांड़ा देखय ले... ठंडो पानी पिय ले गाकर दोस्ती को बताया। अनित गोस्वामी ने अपने पिता की याद में मां की आराधना जै मैया दुर्गा भवानी... तेरी सिंह की सवारी... गाया। नौ हिमालय लोक कला समिति अल्मोड़ा और इंदु आर्या, अंकित पंत, ललित पांडे और सतीश मसीह ने परफारमेंस दी। उत्तराखंड देव भूमि, संध्या झुलि रै छ गीत ने सबको रिझाया। गोकुल बिष्ट व परलाज मेहरा ने पहाड़ की चेलि ले, ब्वारी ले, कब्है नी खाई दो रोटा, सुखा ले... गाया तो लोगों का मन भर आया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक पंडाल में मेयर डॉ. आईएस तोमर, नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल, आयकर आयुक्त एमडी पाठक, डीआईजी आरकेएस राठौर, बिजली मुख्य अभियंता वीके शर्मा,सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव, महानगर अध्यक्ष जफर बेग, डा. अनिल शर्मा व अन्य शामिल हुए, इन सभी स्मृति चिह्न भेेंट किए। मंच का संचालन मुकुल मोहन त्रिपाठी और चंद्रप्रकाश ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमोें का जिम्मा पूरन सिंह धानु ने संभाला।
स्टाल में लगी भीड़, गुनगुनी धूप का लिया लुफ्त
उत्तरायणी मेला शहरवासियों के लिए आनंद और उल्लास का नया ठिकाना बना हुआ है। शुक्रवार को बरेली क्लब मैदान में दर्शकों का जबरदस्त भीड़ रही। शाम को ठंड के बावजूद लोग मेले का लुत्फ लेने पहुंचे। स्टॉल के पास खरीददारी करने वाले जुटे रहे। छोलिया नृत्य करने वाली टोलियों ने पूरे मैदान में नृत्य कर सबको आकर्षित किया। 14वीं बटालियर गढ़वाल रायफल ने बेड़ूू पाको बारोमासा... को बेगपाइपर की धुन पर सुनाया।
- इनका हुआ सम्मान
उत्तरायणी जन कल्याण समिति की ओर से वयोवृद्ध सलाहकार नवीन चंद्र मिश्रा और पूर्व कोषाध्यक्ष सुमन देव कुकरेती को सम्मानित किया गया।