बरेली। उत्तरायणी जन कल्याण समिति की आम सभा बुधवार को खुशहाली सभागार में अध्यक्ष अमित पंत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें 30वें उत्तरायणी मेला 2026 की तैयारियों पर चर्चा हुई। आयोजकों ने बताया कि इस बार मेले का आयोजन 13,14 व 15 जनवरी 2026 को बरेली क्लब मैदान पर होगा।
सभा में महामंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि उत्तरायणी संस्कृति से ओतप्रोत यह मेला भव्य और शानदार तरीके से लगाया जाएगा। कोषाध्यक्ष कमलेश बिष्ट ने बताया कि अब तक लगभग 90 स्टाॅल बुक हो चुके हैं।
सांस्कृतिक प्रभारी पूरन दानू के अनुसार इस बार मेले में उभरते हुए कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। लोकप्रिय कलाकारों को मेले का निमंत्रण दिया जा चुका है। ऑडिटर कैलाश पांडेय ने रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मेला प्रभारी चंदन नेगी ने मेले की रूपरेखा बताई। सभा में मुकुल भट्ट, विनोद जोशी, तारा जोशी, भुवन पांडेय, रमेश शर्मा, आनंद रतूड़ी, देवेंद्र रावत, कुंवर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी रमेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया। संवाद