बरेली। देव दिवाली जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। लोगों ने मंदिरों व घरों में दीपक जलाकर भगवान को भोग लगाया। साथ ही सुख समृद्धि की कामना की। वहीं रामगंगा घाट पर सामाजिक संगठन की ओर से देव दिवाली मनाई गई। मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसायटी की ओर से तीन दिवसीय रामगंगा महोत्सव में बुधवार को 11,000 दीप प्रज्वलित कर रामगंगा घाट पर देव दीपावली मनाई गई। श्री गंगा, गौ, बेटी, पर्यावरण बचाओ - देश बचाओ के साथ रक्तदान महादान का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिथरी चैनपुर के विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने किया। इस दौरान डॉ. रजनीश सक्सेना, कनिष्क शर्मा, ऋषभ बंसल, अखिलेश शर्मा, संजीव सक्सेना, ऋषि रंजन सिंह, मोनू गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं हिंदू महासभा की ओर से 5100 दीपक जलाए गए जिससे घाट जगमग हो उठा। संस्था के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक मौजूद रहे। संवाद
त्रिवटीनाथ मंदिर में मनाई देव दिवाली
बरेली। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में बुधवार को देव दिवाली मनाई गई। मंदिर में काफी संख्या में भक्तों ने हाजिरी लगाई। दीपकों में मंदिर परिसर जगमग हो उठा। मंदिर के भक्तजनों ने पूरे मंदिर को बहुत सुंदर रंगोली से सजाया था। शाम को महाआरती का भी आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में भक्तों ने पूजन किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान प्रताप चंद्र सेठ, संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा, विनय कृष्ण आदि मौजूद रहे। संवाद