बरेली। शहर के पार्कों की जल्द ही सूरत बदलने वाली है। उपवन योजना के तहत 1.65 करोड़ की रकम को मंजूरी मिल गई है। पार्क के बदलाव के साथ ही पर्यावरण भी ठीक होगा। प्रदेश सरकार ने बरेली में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पार्कों का निर्माण एवं विकास (उपवन) योजना को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
योजना का मुख्य केंद्र बिंदु परसाखेड़ा गौटिया उपवन क्षेत्र होगा, जहां नंदन वन फेज-2 के अंतर्गत मियावाकी पद्धति से सघन वन तैयार किए जाएंगे और पार्कों का आधुनिक निर्माण किया जाएगा। तय रणनीति के अनुसार, जो भी विभाग धरातल पर कार्य करेगा, संबंधित धनराशि उसे हस्तांतरित कर दी जाएगी। पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि शासन से बजट प्राप्त होने के बाद अब धरातल पर काम शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस पहल से शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण अच्छा कदम साबित होगा।